जम्मू-कश्मीर उधमपुर बस हादसा: 14 की मौत, राष्ट्रपति मुर्मु और PM मोदी ने जताया दुख, 2-2 लाख मुआवजा घोषित

जम्मू-कश्मीर उधमपुर बस हादसा: 14 की मौत, राष्ट्रपति मुर्मु और PM मोदी ने जताया दुख, 2-2 लाख मुआवजा घोषित

Udhampur Bus Accident: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में हुए बस हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बस दुर्घटना के कारण हुई जान-माल की हानि के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में लिखा, “जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु के बारे में जानकर मुझे अत्यंत दुख हुआ है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति मैं शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

इस दुखद हादसे पर पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पोस्ट लिखा, “मैं उन लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

उन्होंने लिखा कि इस दुखद दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में हुए दुखद बस हादसे से मैं अत्यंत आहत हूं। इस घटना में बहुमूल्य जानों का जाना बेहद पीड़ादायक है। दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और इस घटना से प्रभावित सभी लोगों को बसंल मिलने की प्रार्थना करता हूं।”

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि उधमपुर में हुआ दुखद सड़क हादसा दिल दहला देने वाला है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मैंने जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

इस हादसे को लेकर एडीसी उधमपुर, प्रेम सिंह ने कहा कि यह बहुत दुखद खबर है कि उधमपुर के रामनगर इलाके में, कागोट मोड़ नामक स्थान पर, रामनगर से उधमपुर जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में, अब तक लगभग 13–14 लोगों के हताहत होने की पुष्टि हुई है, हालांकि सटीक आंकड़े अभी उपलब्ध नहीं हैं। लगभग 33 लोग घायल हुए हैं।

सेना के सूबेदार ने बताया कि हम एक्सरसाइज के लिए नीचे से ऊपर जा रहे थे। हमने बस को गिरा हुआ देखा तो हमारी टीम तत्काल लोगों के बचाव में जुट गई। कई डेड बॉडी को हमने ऊपर पहुंचाया, जबकि पांच से छह लोगों को जिंदा बचाया।

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )