
Cyclone Akvan Alert: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान अकवान, आंध्र प्रदेश-ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट !
Cyclone Akvan Alert: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों में बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में प्रचंड चक्रवाती तूफान अकवान के सक्रिय होने से दक्षिण और पूर्वी भारत के राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह तूफान 20 नवंबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार कर सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। इसके प्रभाव से 19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और ओडिशा में मूसलाधार बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत में कई दिनों तक बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत के राज्यों में भी अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 से 22 नवंबर तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में, जबकि 18 से 24 नवंबर तक केरल, माहे और रायलसीमा में बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप में 22 से 24 नवंबर, तटीय कर्नाटक में 24 नवंबर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 23 व 24 नवंबर को वर्षा की संभावना है।
तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 21 से 24 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि तेलंगाना में 19 से 21 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 23 से 24 नवंबर के दौरान बारिश हो सकती है। वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 18 से 20 नवंबर तक व्यापक बारिश का पूर्वानुमान है।
19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बदलेगा मौसम
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 21 और 22 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की या छिटपुट बारिश होने का अनुमान जताया है। 21 नवंबर को यहां गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मध्य भारत में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट
मध्य भारत के कई राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने वाली हैं। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 और 22 नवंबर, पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 से 23 नवंबर, विदर्भ में 22 नवंबर और छत्तीसगढ़ में 19 नवंबर के साथ 22 से 24 नवंबर तक कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।
छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को व्यापक बारिश का अनुमान है। इसी दौरान छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 21 और 22 नवंबर को तथा छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
अंडमान-निकोबार से बंगाल और झारखंड तक बारिश
पूर्वी भारत में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है। 18 नवंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में, 19 से 21 नवंबर तक गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में, 20 और 21 नवंबर को झारखंड तथा 19 और 20 नवंबर को ओडिशा में व्यापक बारिश का अनुमान है।
इसके अलावा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 19 से 24 नवंबर तक, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 21 से 23 नवंबर तक बारिश हो सकती है। गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 18 नवंबर और 22 से 24 नवंबर, झारखंड में 19 नवंबर और 22 से 23 नवंबर, बिहार में 21 और 22 नवंबर तथा ओडिशा में 18 नवंबर और 21 से 23 नवंबर तक बारिश होने की संभावना है। गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 19 और 20 नवंबर तथा झारखंड में 20 नवंबर को बारिश का अनुमान है।
पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बारिश
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी मौसम विभाग ने बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। अरुणाचल प्रदेश में 18 नवंबर और 21 से 24 नवंबर के दौरान बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 18 से 24 नवंबर तक बारिश का अनुमान है। वहीं, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 18 से 29 नवंबर तथा 22 से 24 नवंबर के दौरान बारिश होने की संभावना जताई गई है।
नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 20 और 21 नवंबर को व्यापक बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में भी इन तारीखों पर बड़े इलाके में वर्षा का अनुमान है। वहीं, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 18 से 21 नवंबर के दौरान आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में छाएगा घना कोहरा
उत्तर भारत में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 से 22 नवंबर के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में सुबह तथा रात के समय घना कोहरा छाने की संभावना है।
