
Grammy Awards 2027: ‘धुरंधर’ की उम्मीदें खत्म, तमिल गाने ‘वरुवाई’ ने भारत का नाम किया रोशन !
Grammy Awards 2027: Grammy Awards 2027 में भारत की तरफ से एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। जहां फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर उम्मीदें खत्म हो गई हैं, वहीं तमिल गाने ‘वरुवाई’ ने देश की उम्मीदों को जिंदा रखा है। यह गाना ग्रैमी 2027 में भारत की ओर से इकलौती एंट्री है। इसे बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है। खास बात यह है कि ‘वरुवाई’ ग्रैमी में नॉमिनेट होने वाला पहला तमिल गाना बन गया ह
इस गाने को इंडियन-अमेरिकन सिंगर देवन एकंबरम ने सुभिक्षा रंगराजन (सुशा) के साथ गाया है। इसके कंपोजर भी देवन ही हैं। यह उनका स्वतंत्र सिंगल ट्रैक है। नॉमिनेशन के बाद से ही गाना चर्चा में है और देवन की इस उपलब्धि को भारतीय संगीत जगत में खास माना जा रहा है।
ग्रैमी नॉमिनेशन से गदगद हुए देवन एकंबरम
‘वरुवाई’ को ग्रैमी नॉमिनेशन मिलने के बाद देवन एकंबरम ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि इस गाने का दुनिया के प्रतिष्ठित म्यूजिक अवॉर्ड्स तक पहुंचना उनके लिए बेहद खास है। पहला तमिल गाना होने के नाते इसका नॉमिनेशन उनके लिए और भी यादगार बन गया है।
कौन हैं देवन एकंबरम?
देवन एकंबरम म्यूजिक कंपोजर, प्लेबैक सिंगर और म्यूजिक प्रोड्यूसर हैं। उन्होंने साल 1999 में एआर रहमान की फिल्म ‘कधलर दिनम’ से प्लेबैक सिंगिंग की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने तमिल, तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों के लिए कई गाने गाए।
देवन इससे पहले भी ग्रैमी विजेता म्यूजिक एल्बम का हिस्सा रह चुके हैं। साल 2015 में वह ‘Winds of Samsara’ एल्बम से वोकलिस्ट और वोकल अरेंजर के तौर पर जुड़े थे। इसके बाद साल 2022 के ग्रैमी विजेता एल्बम ‘Divine Tides’ के साथ भी उनका कोलैबोरेशन रहा। उनके पास कुल चार ग्रैमी सर्टिफिकेट हैं। हालांकि, ‘वरुवाई’ उनके व्यक्तिगत करियर का पहला ग्रैमी नॉमिनेशन है।
100 साल पुरानी कृष्ण भक्ति कविता पर आधारित है गाना
‘वरुवाई’ की सबसे खास बात इसकी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पृष्ठभूमि है। इस गाने के बोल तमिल महाकवि सुब्रमण्यम भारती यानी भारथियार की करीब 100 साल पुरानी कविता पर आधारित हैं। उन्होंने यह रचना भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित करते हुए एक भजन के रूप में लिखी थी।
इस कविता में कवि भगवान कृष्ण को पुकारते हुए जीवन के अंधकार को दूर करने, बुराइयों का अंत करने और सही रास्ता दिखाने की प्रार्थना करते हैं। देवन एकंबरम ने इस पारंपरिक रचना को आधुनिक संगीत का अंदाज दिया है। यह गाना राग देस पर आधारित है, जो इसकी भारतीय शास्त्रीय संगीत से जुड़ी पहचान को भी खास बनाता है।
कौन थे महाकवि सुब्रमण्यम भारती?
सुब्रमण्यम भारती तमिल साहित्य के महान कवि, लेखक और स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने अपनी कविताओं और लेखों के जरिए ब्रिटिश शासन के खिलाफ लोगों में जागरूकता और देशभक्ति की भावना जगाई थी। उनकी रचनाएं अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और सामाजिक बदलाव के लिए प्रेरित करती थीं।
भारती की कविताओं में भक्ति, देशप्रेम, समानता और आजादी का संदेश प्रमुखता से देखने को मिलता है। उन्होंने अपनी लेखनी के जरिए समाज में महिलाओं की समानता और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी आवाज उठाई। यही वजह है कि उनकी करीब एक सदी पुरानी कृष्ण भक्ति कविता पर आधारित ‘वरुवाई’ आज अंतरराष्ट्रीय संगीत मंच पर भारत की पहचान बनकर उभरा है।
