PM Modi Lucknow Visit: PM मोदी आज लखनऊ दौरे पर, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कौशल दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल!

PM Modi Lucknow Visit: PM मोदी आज लखनऊ दौरे पर, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कौशल दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल!

PM Modi Lucknow Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखनऊ दौरे को लेकर राजधानी में तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार, 21 नवंबर को पीएम मोदी इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इस बार कार्यक्रम की मेजबानी उत्तर प्रदेश कर रहा है। खास बात यह है कि राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह पहली बार दिल्ली से बाहर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री देशभर के 52 ऑल इंडिया टॉपर्स को सम्मानित करेंगे, जिनमें उत्तर प्रदेश के छह युवा भी शामिल हैं। वहीं, पीएम के दौरे और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लखनऊ में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। करीब 35 रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है।

पीएम मोदी यूपी के 6 टॉपर्स को करेंगे सम्मानित

राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 52 टॉपर्स को सम्मानित करेंगे। इस सूची में उत्तर प्रदेश के छह युवाओं ने अपनी जगह बनाई है। इनमें देवरिया के नीतेश चौरसिया, फैजाबाद की काजल महावर और लखनऊ के अब्दुल मोबीन, शाहबाज खान, प्राची विश्वकर्मा तथा प्रतिभा शामिल हैं।

इनमें लखनऊ के अलीगंज स्थित राजकीय आईटीआई के छात्र अब्दुल मोबीन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने मैकेनिक डीजल ट्रेड में 600 में से 599 अंक प्राप्त किए हैं। वहीं, शाहबाज खान, प्राची विश्वकर्मा और प्रतिभा ने भी 750 में से 745 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

पहली बार दिल्ली से बाहर हो रहा आयोजन

राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन वर्ष 2022 से 2025 तक दिल्ली में होता रहा है। हालांकि, इस बार कार्यक्रम की मेजबानी उत्तर प्रदेश को मिली है। 21 नवंबर को शाम 5:30 बजे लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में समारोह आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में शामिल होकर कौशल प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित करेंगे।

पीएम के दौरे पर लखनऊ में 35 रास्तों पर पाबंदी

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए राजधानी की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसके तहत शहर के करीब 35 रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। ऐसे में घर से निकलने से पहले वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों की जानकारी रखना जरूरी होगा।

कहां-कहां से होकर गुजर सकेंगे वाहन?

शहीद पथ पर रहेगा डायवर्जन: शहीद पथ पर वाहनों की आवाजाही रोके जाने की स्थिति में वाहन हुसेड़िया अंडरपास, हनीमैन चौराहा, ग्वारी चौराहा और दयाल पैराडाइज होकर जा सकेंगे।

कमता तिराहे से शहीद पथ जाने पर रोक: कमता तिराहे से शहीद पथ की ओर जाने वाले वाहनों को पॉलीटेक्निक, चिनहट तिराहा और कठौता के रास्ते भेजा जाएगा।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के आसपास बदलाव: कार्यक्रम के चलते लोहिया पार्क की तरफ से आने वाले वाहनों को पॉलीटेक्निक होकर आगे जाना होगा। वहीं, कठौता झील से चिनहट, हनीमैन और हुसेड़िया चौराहे की ओर जाने वाला रास्ता खुला रहेगा।

कानपुर और उन्नाव मार्ग पर भी रोक: कानपुर और उन्नाव की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के लिए प्रतिबंध की स्थिति में दरोगाखेड़ा और किसान पथ अंडरपास का इस्तेमाल किया जा सकेगा। स्कूटर इंडिया चौराहे से शहीद पथ के बजाय किसान पथ का रास्ता अपनाना होगा।

पॉलीटेक्निक चौराहे पर डायवर्जन: यहां रोक लगाए जाने पर हजरतगंज की ओर जाने वाले वाहन भूतनाथ, बादशाहनगर और निशातगंज होकर जा सकेंगे। वहीं, समता मूलक चौराहे से पेपर मिल कॉलोनी, गोमती बैराज और 1090 चौराहे होते हुए बालू अड्डा पहुंचा जा सकेगा।

अहिमामऊ में भी बदलेगा रास्ता: अहिमामऊ में वाहनों की आवाजाही रोके जाने पर सुल्तानपुर और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन जलसा रिसॉर्ट के सामने से किसान पथ का इस्तेमाल कर सकेंगे।

प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस अलर्ट रहेगी। ऐसे में 21 नवंबर को लखनऊ में निकलने वाले लोगों को सलाह है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक डायवर्जन को ध्यान में रखें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )