
Jalaun News:घर के सामने खेलते बच्चे को कार ने रौंदा, मौके पर मौत
Jalaun News : जालौन के सिरसा कलार कस्बे में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 6 वर्षीय मासूम की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।कस्बा निवासी अमित पाल के छोटे भाई सुमित की बारात सोमवार को कदौरा गई थी और मंगलवार को लौटकर घर आई थी। बुधवार सुबह करीब 10 बजे अमित पाल का पुत्र गोपाल घर के सामने सड़क पार कर कोल्ड ड्रिंक लेने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर भाग निकला।
हादसे के तुरंत बाद परिजन गंभीर रूप से घायल गोपाल को मदीरापुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया।गोपाल, ज्ञानदेवी विद्या मंदिर ,सुशील नगर में पढ़ता था और परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था।
बेटे की मौत से मां बेबी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं बड़े भाई कार्तिक और कृष्णा भी गहरे सदमे में हैं। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।थाना सिरसा कलार प्रभारी निरीक्षक परमेंद्र सिंह ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी वाहन और चालक की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
