लखनऊ के खरगापुर कौशलपुरी में टूटी सड़क से जनजीवन प्रभावित,स्थानीय लोगों को सड़क मरम्मत का इंतजार

लखनऊ के खरगापुर कौशलपुरी में टूटी सड़क से जनजीवन प्रभावित,स्थानीय लोगों को सड़क मरम्मत का इंतजार

Gomti Nagar Khargapur Road Condition: लखनऊ के गोमतीनगर स्थित खरगापुर इलाके के कौषलपुरी क्षेत्र में टूटी सड़क ने स्थानीय लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। यह इलाका नगर निगम के अंतर्गत आता है, इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ सुधार
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को भी इस रास्ते से गुजरने में भारी परेशानी होती है। कई बार वाहन चालक संतुलन खो बैठते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। क्षेत्र के लोगों के मुताबिक उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार अपने क्षेत्रीय पार्षद और नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से सिर्फ आश्वासन ही मिला है, जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं दिख रहा।

खराब सड़क से आपात सेवाएं प्रभावित, एंबुलेंस पहुंचने में होती देरी
इस खराब सड़क के कारण सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को हो रही है। स्कूल जाने वाले बच्चे रोजाना खतरे के बीच इस रास्ते से गुजरते हैं। वहीं, आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस या अन्य जरूरी सेवाओं के पहुंचने में भी देरी हो सकती है, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है। बरसात के मौसम में हालात और बिगड़ जाते हैं। गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और भी खतरनाक हो जाती है, क्योंकि पानी के नीचे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों में इस समस्या को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। अब देखना यह है कि नगर निगम कब इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान देता है और लोगों को राहत मिलती है।

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )