
Prayagraj News: विश्व रेबीज दिवस पर जागरूकता का संदेश, पशुओं के काटने पर तत्काल उपचार जरूरी !
लोकेशन- प्रयागराज
रिपोर्टर- सौरभ यादव
Prayagraj News: प्रयागराज, 28 सितंबर 2026। विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग एवं जिला स्वास्थ्य समिति, प्रयागराज की ओर से लोगों को रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी के प्रति जागरूक करने के लिए संदेश जारी किया गया। इस वर्ष विश्व रेबीज दिवस की थीम “Stronger Together” (एकजुट होकर ताकतवर बनना) है।
जागरूकता संदेश में कहा गया कि रेबीज एक जानलेवा बीमारी है, लेकिन समय रहते उचित सावधानी और उपचार से इससे बचाव संभव है। कुत्ते, बिल्ली, बंदर, घोड़े सहित किसी भी गर्म खून वाले स्तनपायी पशु के काटने या खरोंचने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पशु के काटने पर घाव को साबुन और साफ पानी से कम से कम 15-20 मिनट तक अच्छी तरह धोना चाहिए। इसके बाद जल्द से जल्द नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए तथा डॉक्टर की सलाह के अनुसार एंटी-रेबीज टीकाकरण कराया जाना चाहिए।

जागरूकता अभियान में लोगों से अपील की गई कि पशु के काटने के बाद घाव पर मिर्ची, हल्दी, तेल, चूना, मिट्टी या अन्य घरेलू पदार्थ न लगाएं और किसी भी तरह के अंधविश्वास या झाड़-फूंक में समय न गंवाएं। पशु स्वस्थ दिखाई दे रहा हो, तब भी काटने की घटना को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपने पालतू कुत्तों, बिल्लियों एवं अन्य पालतू जानवरों का नियमित रेबीज टीकाकरण कराने की अपील की है। जागरूकता ही रेबीज से बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम है।
जारीकर्ता: जिला स्वास्थ्य समिति, प्रयागराज
चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश
टोल फ्री नंबर: 104
