
Basti News: बस्ती में युवती की मौत पर हंगामा, परिजनों ने अस्पताल पर लगाया गंभीर आरोप
Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के लोदा गांव में एक युवती की इलाज के दौरान मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि निजी अस्पताल में गलत इंजेक्शन देने के कारण युवती की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया।
खुजली की शिकायत पर अस्पताल में कराया गया था भर्ती
जानकारी के अनुसार लोदा गांव निवासी रोशनी की सुबह शरीर में खुजली की शिकायत हुई थी। परिजन उसे मुंडेरवा थाना क्षेत्र के कांटे-बस्ती मार्ग स्थित अमृत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे तुरंत भर्ती कर इलाज शुरू किया। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने युवती को तीन इंजेक्शन दिए, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और मुंह से झाग आने लगा।
हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया
हालत बिगड़ती देख अस्पताल प्रशासन ने युवती को तुरंत मेडिकल कॉलेज रेफर करने की सलाह दी। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान रोशनी की मौत हो चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद अस्पताल की ओर से उसे रेफर करने की बात कही जा रही थी।
परिजनों का गंभीर आरोप, अस्पताल पर लापरवाही का दावा
परिजनों ने आरोप लगाया है कि गलत इंजेक्शन देने के कारण ही युवती की मौत हुई है। उनका कहना है कि जब तक दोषी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई और अस्पताल बंद करने की मांग पूरी नहीं होती, तब तक वे धरने पर बैठे रहेंगे। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं और निजी अस्पतालों में लगातार हो रही लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई है।
मौके पर पहुंची पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम
घटना की सूचना मिलते ही सीओ रुधौली मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस निगरानी बनाए हुए है।
