Chamoli News: सिस्टम से टूटी उम्मीद तो ग्रामीणों ने खुद संभाली सड़क की कमान, फावड़ा-गैंती लेकर पहाड़ काटने उतरे गांव वाले!

Chamoli News: सिस्टम से टूटी उम्मीद तो ग्रामीणों ने खुद संभाली सड़क की कमान, फावड़ा-गैंती लेकर पहाड़ काटने उतरे गांव वाले!

Chamoli News:  उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग स्थित गनोली गांव में सड़क न पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने अब खुद ही सड़क बनाने का बीड़ा उठा लिया है। वर्षों से सरकारी दफ्तरों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर काट रहे ग्रामीणों ने जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं देखी तो फावड़ा और गैंती लेकर सड़क निर्माण का काम शुरू कर दिया।

गांव की ग्राम प्रधान कुसुम पुंडीर के मुताबिक, गनोली गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। ग्रामीणों को जंगल के रास्ते आवागमन करना पड़ता है। रात के समय जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है। सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है, जब किसी ग्रामीण की तबीयत बिगड़ जाए या कोई आपात स्थिति पैदा हो जाए।

बैठक में लिया फैसला, अब खुद बनाएंगे सड़क

सड़क की मांग लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन बार-बार निराशा हाथ लगने के बाद ग्रामीणों ने गांव में बैठक की। इसमें फैसला लिया गया कि अब सरकारी आश्वासनों का इंतजार करने के बजाय ग्रामीण खुद सड़क निर्माण की शुरुआत करेंगे।

निर्माण कार्य शुरू करने से पहले पहाड़ की पारंपरिक संस्कृति के अनुसार भूमि पूजन किया गया। ढोल-दमाऊं की थाप के बीच ग्रामीणों ने पूजा-अर्चना की और फिर फावड़ा-गैंती लेकर सड़क बनाने में जुट गए। इस पहल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पलायन ने बढ़ाई गांव की मुश्किलें

ग्राम प्रधान कुसुम पुंडीर ने बताया कि गांव पलायन की मार भी झेल रहा है। ज्यादातर युवा रोजगार की तलाश में गांव छोड़ चुके हैं। ऐसे में अगर कोई बीमार पड़ जाए तो उसे कंडी के सहारे कंधों पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाने के लिए भी पर्याप्त लोग नहीं मिलते। सड़क की कमी ने ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी को बेहद मुश्किल बना दिया है।

विधायक के आश्वासन से भी नहीं माने ग्रामीण

कुसुम पुंडीर के अनुसार, क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल से भी सड़क निर्माण को लेकर बातचीत हुई थी। विधायक ने दो महीने के भीतर काम शुरू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ। ग्राम प्रधान का कहना है कि अब ग्रामीण केवल आश्वासनों पर भरोसा नहीं करेंगे। जब तक आधिकारिक रूप से सड़क निर्माण शुरू नहीं होता, वे अपना प्रयास जारी रखेंगे।

PMGSY के तहत प्रस्तावित है सड़क: विधायक

वहीं, विधायक अनिल नौटियाल का कहना है कि गनोली गांव की सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत प्रस्तावित है और जल्द ही इसकी स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने दावा किया कि ग्रामीणों को भी इस प्रक्रिया की जानकारी है। विधायक के मुताबिक, इस मुद्दे पर उनकी ग्राम प्रधान से कई बार बातचीत हो चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग इस मामले को राजनीतिक रंग दे रहे हैं।

फिलहाल, गनोली के ग्रामीणों की यह पहल एक बड़ा सवाल खड़ा करती है कि आखिर सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए पहाड़ के लोगों को खुद फावड़ा-गैंती लेकर मैदान में क्यों उतरना पड़ रहा है?

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )