Uttarakhand News: मसूरी में दर्दनाक हादसा,600 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चार लोगों की मौत

Uttarakhand News: मसूरी में दर्दनाक हादसा,600 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चार लोगों की मौत

Uttarakhand News: उत्तराखंड के मसूरी में आज बुधवार को भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मसूरी के झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में चार लोग सवार थे। सूचना के बाद टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दुर्घटनास्थल बेहद दुर्गम इलाके में है। कार जिस खाई में गिरी, वहां घनी झाड़ियां और खतरनाक ढलान होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और खाई में उतरकर घटनास्थल तक पहुंचने की कोशिश की।

अधिकारियों के मुताबिक, कार करीब 600 मीटर गहरी खाई में जा गिरी थी। खाई की गहराई और दुर्गम इलाके की वजह से बचाव अभियान में मुश्किल हो रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार मौके पर मौजूद रहकर पूरे अभियान की निगरानी कर रही हैं।

एसपी सिटी ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत की सूचना मिली है। एसडीआरएफ की टीम को खाई में उतारा गया है और शवों को निकालने की कार्रवाई जारी है। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। माना जा रहा है कि वाहन चालक का नियंत्रण खोने के कारण कार खाई में गिर गई, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे को लेकर लोगों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की जरूरत है। वहीं हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने में जुटा हुआ है।

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )