Lucknow News: विधानसभा के सामने विरोध जताने पहुंचीं मां-बेटी, सुनवाई न होने का आरोप,पुलिस ने संभाला मोर्चा

Lucknow News: विधानसभा के सामने विरोध जताने पहुंचीं मां-बेटी, सुनवाई न होने का आरोप,पुलिस ने संभाला मोर्चा

Lucknow News: लखनऊ में सोमवार को विधानसभा के सामने उस समय हड़कंप मच गया जब हरदोई जनपद के संडीला क्षेत्र से आई एक महिला अपनी बेटी के साथ न्याय की मांग को लेकर पहुंच गई। दोनों ने प्रशासन पर सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया, जिसके बाद मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उन्हें अपने संरक्षण में ले लिया।

युवती का आरोप है कि उसके परिवार के साथ कुछ दिन पहले विवाद हुआ था, जिसमें उसके चाचा द्वारा घर में घुसकर सामान गायब करने और मारपीट करने की घटना को अंजाम दिया गया। पीड़िता का कहना है कि उसने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उसकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इसी से नाराज होकर वह अपनी मां के साथ राजधानी पहुंची।

विधानसभा के निकट पहुंचकर मां-बेटी ने अपनी पीड़ा अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास किया। इस दौरान उनकी गतिविधियों को देखकर सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी सतर्क हो गए और दोनों को समझाते हुए सुरक्षित स्थान पर ले गए। पुलिस ने उनसे पूरे मामले की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को भी अवगत कराया।

युवती ने बताया कि कई दिनों से न्याय की उम्मीद में विभागों के चक्कर लगा रही है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी वजह से उसे राजधानी आकर अपनी बात रखने के लिए मजबूर होना पड़ा।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। साथ ही संबंधित थाना पुलिस से मामले की रिपोर्ट भी मांगी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )