Chandauli News: चंदौली में रहस्यमयी मौतों से सवाल,दो शव मिलने के बाद पुलिस ने शुरू की गहन जांच

Chandauli News: चंदौली में रहस्यमयी मौतों से सवाल,दो शव मिलने के बाद पुलिस ने शुरू की गहन जांच

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के अलीनगर नगर क्षेत्र में दो अज्ञात शव मिलने से सनसनी मच गई। पुलिस दोनों शवों के शिनाख्त में जुटी हुई है। अलीनगर कस्बा स्थित मानसरोवर पोखरा के पास रविवार को एक 21 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना अलीनगर पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार मानसरोवर पोखरा पर पहुंचे तो इसी दौरान उनकी नजर पोखरा की सीढ़ियों पर पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। शव मिलने की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। हालांकि मौजूद लोगों में से कोई भी युवक की पहचान नहीं कर सका।

सूचना मिलने के बाद अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी। जांच के दौरान पुलिस को युवक की जेब से एक किराना दुकान की पर्ची मिली। पर्ची पर एक मोबाइल नंबर अंकित था, जिसे पहचान का महत्वपूर्ण सुराग मानते हुए पुलिस ने संपर्क करने की कोशिश की। हालांकि संबंधित नंबर बंद मिला, जिससे जांच में तत्काल कोई सफलता नहीं मिल सकी।

वही दूसरा शव कुछमन रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे लाइन के किनारे मिला, ग्रामीणों की सूचना पर अलीनगर पुलिस जांच में जुट गई, मृतक लगभग 35 वर्षीय युवक का बताया जा रहा है,उसे ट्रेन से गिरने की आशंका व्यक्त की जा रही है। उसके पास भी शिनाख्त का कोई सामान नहीं मिला। पुलिस ने दो शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। साथ ही आसपास के थानों और जनपदों में युवक की पहचान को लेकर सूचना साझा की जा रही है।

इस संबंध में अलीनगर प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ला ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दोनों शवों की पहचान होने के बाद ही उसकी मौत के कारणों और परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )