Firozabad News: शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर कैंपिंग ट्रेन के कोच में लगी भीषण आग, सिलेंडर फटने से यात्री घायल

Firozabad News: शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर कैंपिंग ट्रेन के कोच में लगी भीषण आग, सिलेंडर फटने से यात्री घायल

Firozabad News: फिरोजाबाद के शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के यार्ड में खड़ी कैंपिंग ट्रेन के एक कोच में शनिवार दोपहर अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग लगते ही कोच से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे रेलवे स्टेशन पर अफरा तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते पूरे कोच को अपनी चपेट में ले लिया। इसी दौरान कोच में रखा एलपीजी गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। सिलेंडर की चपेट में आने से एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। आग पर काबू पाने के लिए करीब एक दर्जन से अधिक फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर लगाई गईं, जिसके बाद आग बुझाई जा सकी।

रेलवे यार्ड में खड़ी थी कैंपिंग ट्रेन

रेलवे स्टेशन के यार्ड के पास कैंपिंग ट्रेन खड़ी हुई थी। इस ट्रेन के कोच में ट्रैक पर काम करने वाले कर्मचारी रहते हैं। दिन के समय ज्यादातर कर्मचारी अपने काम के लिए साइड पर चले जाते हैं, जबकि रात होते ही सभी कर्मचारी वापस अपने कोच में आकर सोते हैं। कैंपिंग ट्रेन के कोच में रसोई घर के साथ कर्मचारियों के बेड और अन्य सामान भी रखा हुआ था।

शनिवार की दोपहर अचानक कैंपिंग ट्रेन के एक कोच में आग लग गई। आग लगने के बाद देखते ही देखते लपटें तेज होती चली गईं और आग ने पूरे कोच को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। कोच से उठती विकराल आग की लपटों को देखकर रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

आग की सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंचे

आग की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने वहां मौजूद भीड़ को ट्रेन से अलग किया और बचाव कार्य शुरू कराया। इसके साथ ही आग पर काबू पाने के लिए फायर बिग्रेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया।

आग की विकरालता को देखते हुए एक फायर बिग्रेड की गाड़ी पर्याप्त साबित नहीं हुई। इसके बाद फिरोजाबाद, सिरसागंज और आसपास के इलाकों से भी फायर बिग्रेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। करीब एक दर्जन से अधिक फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया।

गैस सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट से मची भगदड़

इसी दौरान आग की चपेट में आकर कोच में रखा एलपीजी गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। सिलेंडर में हुए ब्लास्ट की आवाज कई किलोमीटर तक सुनाई दी। धमाका होते ही मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।

सिलेंडर में हुए ब्लास्ट के दौरान उसका एक पार्ट वहां से गुजर रहे एक राहगीर के सिर में जा लगा। हादसे में यात्री का सिर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।

करीब एक दर्जन फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने बुझाई आग

आग लगातार विकराल होती जा रही थी, जिसके चलते फायर बिग्रेड की कई गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। करीब एक दर्जन फायर बिग्रेड की गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कैंपिंग ट्रेन के कोच में लगी आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझने के बाद रेलवे प्रशासन और मौके पर मौजूद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

इस दौरान रेलवे के आला अधिकारियों के साथ एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला, तहसीलदार कीर्ति चौधरी, नायब तहसीलदार सैयद अजीम अहमद, सीओ, प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार, फायर बिग्रेड के अधिकारी सतेंद्र पाण्डेय, ब्रजेश कुमार समेत अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )