Gujarat News: गुजरात में भीषण सड़क हादसा, टैंकर से टकराई लग्जरी बस, 2 की मौत और 30 से ज्यादा घायल !

Gujarat News: गुजरात में भीषण सड़क हादसा, टैंकर से टकराई लग्जरी बस, 2 की मौत और 30 से ज्यादा घायल !

Gujarat News: एक परिवार शादी में शामिल होने के लिए घर से निकला था। साथ में रिश्तेदार भी थे। सभी एक निजी लग्जरी बस में सवार होकर राजकोट जिले के धोराजी से सूरत जा रहे थे। लेकिन रास्ते में एक हादसे ने सफर को मातम में बदल दिया। गुजरात के भरूच जिले में देरोल के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर उनकी बस आगे चल रहे एक टैंकर से टकरा गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। बस में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे परिवार के लोग और उनके रिश्तेदार सवार थे। बस देरोल के पास पहुंची, तभी वह आगे चल रहे टैंकर में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

आसपास के लोगों ने देखा तो तुरंत मौके पर पहुंचे। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को बस से निकालकर इलाज के लिए भरूच सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना में गंभीर चोटों के कारण दो यात्रियों की मौत हो गई। वहीं, 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

क्रेन से हटाए गए दुर्घटनाग्रस्त वाहन

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। वहीं क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और टैंकर को सड़क से हटाया गया, ताकि यातायात फिर से शुरू किया जा सके। पुलिस ने मामले में दुर्घटना से हुई मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी यह साफ नहीं है कि बस टैंकर से किन परिस्थितियों में टकराई। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे परिवारों के लिए यह सफर एक दर्दनाक हादसे में बदल गया।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )