
International Yoga Day 2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झांसी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लिया
International Yoga Day 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झांसी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाग लिया और सामूहिक योगाभ्यास किया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
पीएम मोदी के नेतृत्व की सराह
नाइस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के सभी नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं, जिन्होंने भारत की प्राचीन परंपराओं, संस्कृति और योग जैसी अमूल्य विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ऐसा दूरदर्शी विजन प्रस्तुत किया है, जिसके माध्यम से 140 करोड़ भारतीय गर्व के साथ विश्व पटल पर आगे बढ़ रहे हैं और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में जुटे हैं।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के विजन के माध्यम से हम फिर से अपनी विरासत पर गौरव की अनुभूति कर रहे हैं… pic.twitter.com/eGJ3JzLBzJ
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 21, 2026
योग को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर वर्ष देश के अलग-अलग राज्यों में जाकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में भाग लेते हैं और योग आंदोलन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। उनके नेतृत्व में योग केवल भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आज दुनिया के अधिकांश देशों में इसे अपनाया जा रहा है।
ऐतिहासिक झांसी में आयोजन का मिला अवसर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें वीरता और इतिहास की भूमि झांसी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और बेहतर जीवन का आधार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक धरोहर है, जो पूरी दुनिया को स्वस्थ और संतुलित जीवन का मार्ग दिखा रही है।
