
Pune News: पुणे कोर्ट के बाहर हत्या के आरोपी पर कुल्हाड़ी और गोली से जानलेवा हमला, हाथ कटा!
Pune News: कोर्ट में तारीख पर पहुंचा एक शख्स शायद सोच भी नहीं सकता था कि कुछ ही मिनटों में वह खुद मौत से जूझता नजर आएगा। पुणे की अदालत के बाहर दोपहर में अचानक ऐसा खूनी खेल शुरू हुआ कि वहां मौजूद लोग सहम गए। हत्या के एक आरोपी पर दो हमलावरों ने पहले धारदार कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए और फिर उसे गोली भी मार दी। हमला इतना बेरहमी से किया गया कि पीड़ित का एक हाथ कटकर अलग हो गया। वारदात के बाद हमलावर स्कूटर से फरार हो गए, जबकि खून से लथपथ शख्स सड़क पर जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा।
इस पूरी घटना के कई वीडियो सामने आए हैं। इनमें दो लोग एक शख्स पर लगातार कोयते से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद दोनों हमलावर स्कूटर से भागते नजर आते हैं। हमले के बाद घायल शख्स उठने और चलने की कोशिश करता है, लेकिन कुछ देर बाद वह फुटपाथ पर पड़ा दिखाई देता है। उसका एक हाथ कटा हुआ था और आसपास लोग जमा थे। इस घटना के कुछ ही मिनटों बाद उस शख्स ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
कोर्ट में पेशी के लिए आया था, बाहर घात लगाए बैठे थे हमलावर?
पुलिस के मुताबिक, हमले का शिकार हुआ शख्स मंदार मारुति किवले है। वह कानूनी कार्रवाई के सिलसिले में पुणे की अदालत पहुंचा था। इसी दौरान कोर्ट के बाहर उस पर हमला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले धारदार कुल्हाड़ी से उस पर कई वार किए और फिर गोली चलाई।
वारदात के बाद दोनों आरोपी दो अलग-अलग स्कूटरों से मौके से फरार हो गए। अचानक हुए इस हमले से कोर्ट परिसर के बाहर अफरा-तफरी मच गई। सामने आए वीडियो में हमले की बेरहमी साफ दिखाई देती है। हालांकि, पुलिस की ओर से हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
अप्रैल 2025 में हुई हत्या के मामले में जेल गया था किवले
इस कहानी का एक और पहलू है, जो इस हमले को और गंभीर बना देता है। पुलिस के अनुसार, मंदार मारुति किवले अप्रैल 2025 में पुणे के संतोषनगर-कात्रज इलाके में हुई एक हत्या के मामले में जेल गया था। उस पर शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या का आरोप था।
बताया गया कि शुभम की हत्या के पीछे जमीन और पैसों का विवाद था। इसी मामले में किवले को जेल भेजा गया था। वह चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। इसके बाद जब वह कानूनी कार्यवाही के लिए कोर्ट पहुंचा, तभी उस पर जानलेवा हमला हो गया।
जेल से बाहर आते ही किसने किया हमला?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि किवले पर हमला किसने किया और इसके पीछे वजह क्या थी? क्या यह हमला अप्रैल 2025 में हुए शुभम सुभाष चव्हाण हत्याकांड से जुड़ा है? क्या किसी ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए कोर्ट के बाहर इस वारदात को अंजाम दिया? या फिर इसके पीछे कोई और वजह थी?
फिलहाल पुलिस की ओर से हमले के मकसद की पुष्टि नहीं की गई है। इसलिए इसे पुरानी हत्या का बदला मानना जल्दबाजी होगी। जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि हमलावर कौन थे और उन्होंने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम क्यों दिया।
एक तरफ कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, तो दूसरी तरफ किवले की हालत को लेकर भी चिंता बनी हुई है। जेल से बाहर आने के महज चार दिन बाद उस पर हुआ यह जानलेवा हमला कई सवाल छोड़ गया है। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर है, जिससे इस खूनी हमले के पीछे की पूरी कहानी सामने आ सके।
