
Bihar News: पटना के बेढ़ना में जहरीली शराब का कहर! संदिग्ध नशीला पदार्थ पीने वाले चारों युवकों की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत
संवाददाता- सुरेश निखर, पटना
लोकेशन- बाढ़
Bihar News: बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में संदिग्ध नशीला पदार्थ (शराब) के सेवन से अचेत हुए सभी चारों युवकों की पटना में इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई है।
इस हृदयविदारक घटना की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, पूरे इलाके में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों की चीख-पुकार से पूरा गांव दहल उठा है और हर किसी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुंह से झाग निकलते हुए किया गया था पटना रेफर
ज्ञात हो कि इन चारों युवकों को अत्यंत गंभीर अवस्था में बाढ़ अनुमंडल अस्पताल लाया गया था, जहां उनके मुंह से लगातार झाग निकल रहा था।
स्थिति की नजाकत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत पटना रेफर कर दिया था, लेकिन बदकिस्मती से इलाज के दौरान किसी भी युवक की जान नहीं बचाई जा सकी।
घटनास्थल से मिली शराब की बोतलें और मछली-रोटी
युवकों की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के उस स्थान की सघन घेराबंदी कर तलाशी ली, जहां चारों युवक एक साथ बैठकर पार्टी कर रहे थे। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से मछली-रोटी और शराब की बोतलें बरामद हुई हैं।
जहरीली शराब की आशंका पुख्ता
घटनास्थल से शराब की बोतलों की बरामदगी के बाद अब यह अंदेशा लगभग पुख्ता हो गया है कि इन चारों युवकों की जान जहरीली शराब पीने या शराब में किसी अन्य घातक विषैले पदार्थ की मिलावट के कारण ही हुई है। पुलिस ने बरामद साक्ष्यों को जब्त कर लिया है और शवों के पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की सघन कानूनी कार्रवाई व छापेमारी में जुट गई है। इस घटना ने एक बार फिर शराबबंदी वाले बिहार में जहरीली शराब के अवैध कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
