Prayagraj News: इंस्टाग्राम पर ‘प्रिंस वर्मा’ बनकर फंसाया, प्रयागराज बुलाया और युवती की मौत, हत्या, रेप व धर्म छिपाने का केस दर्ज

Prayagraj News: इंस्टाग्राम पर ‘प्रिंस वर्मा’ बनकर फंसाया, प्रयागराज बुलाया और युवती की मौत, हत्या, रेप व धर्म छिपाने का केस दर्ज

Prayagraj News: ‘प्रिंस वर्मा’ नाम से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई। बातचीत प्यार में बदली और फिर लड़की प्रयागराज पहुंच गई। कुछ ही महीनों बाद उसकी मौत हो गई, उसे दफना भी दिया गया और परिवार को इसकी खबर तक नहीं दी गई। अब इस मामले में पुलिस ने हत्या, रेप, धार्मिक पहचान छिपाकर संबंध बनाने, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव और धमकी समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। मुख्य आरोपी साहिल, उसकी मां और एक अन्य महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मामला प्रयागराज के कौंधियारा थाना क्षेत्र का है। 20 साल की लड़की मध्य प्रदेश के रीवा की रहने वाली थी। उसके पिता का आरोप है कि बेटी की इंस्टाग्राम पर प्रिंस वर्मा नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। बाद में पता चला कि उसकी असली पहचान मोहम्मद साहिल है। परिवार का आरोप है कि साहिल ने अपनी पहचान छिपाकर बेटी को अपने साथ रखा और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया।

आरोप है कि साहिल ने अपनी पहचान छिपाकर लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ लिया और प्रयागराज अपने घर ले गया। विरोध करने पर परिवार के सदस्यों पर धर्म बदलने के लिए दबाव और मारपीट की गई। इसकी जानकारी 10 मई 2026 को लड़की ने अपनी छोटी बहन को कॉल पर दी थी और अपनी जान को खतरा बताया था।

पीड़ित परिवार का कहना है कि 8 जून को स्थानीय लोगों से पता चला कि लड़की की मौत हो चुकी है और उसका शव कब्रिस्तान में दफन कर दिया गया। पीड़ित परिवार ने इसकी जानकारी पुलिस और जिला प्रशासन की दी। इसके बाद पुलिस ने 16 जून को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव निकलवाया और पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद अंतिम संस्कार 17 जून को किया गया। शव काफी दिनों बाद कब्र से निकाला गया, जिसकी वजह से ज्यादा डैमेज हो चुका था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका था।

जांच में सामने आया कि तबीयत खराब होने पर लड़की को पहले प्राइवेट अस्पताल में एडमिट कराया गया। इसके बाद उसे प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था, जहां उसकी डेथ हो गई। अस्पताल में उसे एडमिट कराया गया तो उसका नाम इकरा खान दर्ज कराया, पति के रूप में साहिल खान लिखवाया था। एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद पीड़ित परिवार मध्य प्रदेश रीवा से प्रयागराज पहुंचा और थाने में शिकायत की। पीड़ित पिता की तहरीर पर कुल आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

कौंधियारा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने आरोपी साहिल, उसकी मां के साथ एक अन्य महिला को अरेस्ट कर लिया है। जांच में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल-और सोशल मीडिया चैट की फॉरेंसिक जांच के साथ ही कॉल रिकॉर्ड खंगाला जाएगा। वहीं दूसरी तरफ विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री लालमणि तिवारी ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )