
Raebareli News: नाली के विवाद में 45 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या, पांच लोगों पर आरोप !
Raebareli News: जिला रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के घुरौना गांव में नाली के विवाद को लेकर एक 45 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान भगवान दीन यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि भगवान दीन यादव का गांव के ही कुछ लोगों से नाली को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर पांच लोगों ने भगवान दीन पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भगवान दीन की मौत हो गई।
पांच लोगों पर हत्या का आरोप
मृतक के पिता ने गांव के ही पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, मृतक के भाई का आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड और लाठियों से भगवान दीन पर हमला किया। परिजनों ने घटना को साजिश के तहत की गई हत्या बताया है।

चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
भगवान दीन की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। पिता की मौत से बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर बछरावां पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पूरा मामला बछरावां थाना क्षेत्र के घुरौना गांव का है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।
जिला – रायबरेली
ब्यूरो चीफ- राम सुमेर
