
Maharashtra News: साड़ी को लेकर हुआ विवाद, पत्नी पर पति की हत्या का आरोप,ठाणे की घटना ने चौंकाया
Maharashtra News: महाराष्ट्र के ठाणे से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 30 साल की एक महिला को अपने पति की हत्या इसलिए कर दी। आरोप है कि उसने साड़ियां न लाने को लेकर हुए घरेलू झगड़े के बाद प्रेशर कुकर के ढक्कन से पति को पीटा और फिर गला घोंटकर उसकी जान ले ली। इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी।
आरोपी सुनीतादेवी हरराम सिंह, जो मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले की रहने वाली है। मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि शुरुआत में महिला ने मौत को हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। अधिकारी ने बताया, “पीड़ित हरराम किशुनजी सिंह (35) 19 जुलाई को बदलापुर ईस्ट स्थित अपने घर पर थे, तभी साड़ियां न लाने को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई। गुस्से में आकर महिला ने प्रेशर कुकर के ढक्कन से उन पर हमला किया और गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस ने ऐसे किया हत्याकांड का खुलासा
पत्नी के बयान के आधार पर पुलिस ने शुरुआत में ‘आकस्मिक मौत’ (एक्सीडेंटल डेथ) का मामला दर्ज किया था, लेकिन सरकारी अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट के बाद मामले की पूरी जांच शुरू हुई। बदलापुर ईस्ट पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर नितिन पाटिल ने कहा, “रिपोर्ट से पुष्टि हुई कि मौत अप्राकृतिक थी और गला घोंटने के कारण दम घुटने से हुई थी। इसके बाद मृतक के परिवार वालों और मकान मालिक से की गई पूछताछ में पत्नी पर गहरा शक हुआ।
अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को एक स्थानीय अदालत ने सुनीतादेवी को 29 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है। वहीं इस घटना का जब खुलासा हुआ तो आसपास के लोग भी हैरान रह गए।
