
Maharajganj News: 24 घंटे बाद सफल हुआ गंगा डॉल्फिन का रेस्क्यू, कुशीनगर के सुमहाखोर में वन विभाग की टीम ने सुरक्षित पकड़ा
लोकेशन-महराजगंज
रिपोर्टर- सतेन्द्र मणि त्रिपाठी
Maharajganj News: महराजगंज जिले की देवरिया शाखा नहर में पिछले एक सप्ताह से दिखाई दे रही गंगा डॉल्फिन का आखिरकार करीब 24 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया। सोमवार को डॉल्फिन कुशीनगर जनपद के सुमहाखोर क्षेत्र में वन विभाग और टर्टल सर्वाइवल एलायंस (TSA) की संयुक्त टीम ने सुरक्षित पकड़ ली।
डॉल्फिन के रेस्क्यू के लिए गोरखपुर, महराजगंज और कुशीनगर वन प्रभाग की संयुक्त टीम के साथ लखनऊ से आई TSA के विशेषज्ञ लगातार अभियान में जुटे रहे। अभियान के दौरान विशेषज्ञ टीम नहर में डॉल्फिन की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थी। डॉल्फिन लगातार स्थान बदल रही थी, जिससे रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बना रहा।

सोमवार को सुमहाखोर क्षेत्र में अनुकूल अवसर मिलने पर विशेषज्ञों ने सावधानीपूर्वक ऑपरेशन चलाकर डॉल्फिन को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। अभियान के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि डॉल्फिन को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि डॉल्फिन का स्वास्थ्य परीक्षण कर उसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ा जाएगा। पूरे अभियान में वन विभाग की टीम और TSA के विशेषज्ञों ने समन्वय के साथ कार्य किया, जिसके चलते लंबे प्रयास के बाद यह सफलता मिली।
रेस्क्यू अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे। वन विभाग ने अभियान में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
