Saharanpur News: सहारनपुर में नकली ऑक्सीटोसिन फैक्ट्री का भंडाफोड़, STF ने आरोपी भूरा को किया गिरफ्तार !

Saharanpur News: सहारनपुर में नकली ऑक्सीटोसिन फैक्ट्री का भंडाफोड़, STF ने आरोपी भूरा को किया गिरफ्तार !

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एसटीएफ मेरठ की फील्ड यूनिट ने नकली ऑक्सीटोसिन बनाने और सप्लाई करने वाले अवैध कारखाने का पर्दाफाश किया है। टीम ने कोतवाली देहात क्षेत्र की दानिश कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान में छापेमारी कर आरोपी भूरा को गिरफ्तार किया। आरोपी वर्ष 2024 से इस अवैध कारोबार को चला रहा था। वह मकान में ही नकली ऑक्सीटोसिन तैयार कर शीशियों में भरने और पैकिंग के बाद बाजार में सप्लाई करता था।

जेल से छूटने के बाद दोबारा शुरू किया कारोबार

एसटीएफ की शुरुआती जांच में गिरफ्तार आरोपी की पहचान भूरा पुत्र एहसान निवासी गांव कुंडा कला, थाना गंगोह के रूप में हुई है। बताया गया है कि आरोपी पहले भी नकली ऑक्सीटोसिन बनाने के मामले में जेल जा चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद उसने फिर से इस अवैध कारोबार को शुरू कर दिया और दानिश कॉलोनी में किराए का मकान लेकर नकली ऑक्सीटोसिन बनाने का काम करने लगा।

3,181 भरी शीशियां और 60 लीटर नकली ऑक्सीटोसिन बरामद

छापेमारी के दौरान एसटीएफ को मौके से भारी मात्रा में नकली ऑक्सीटोसिन और इसे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला। टीम ने 200 एमएल की 3,181 भरी हुई शीशियां और 60 लीटर खुला नकली ऑक्सीटोसिन बरामद किया।

इसके अलावा 10 पैकेट नमक, सिलाई मशीन का एक बैग, धागे के दो रोल और बोतलों के कैप सील करने वाली सात मशीनें जब्त की गईं। मौके से 100 एमएल की सफेद और 200 एमएल की हरे रंग की खाली प्लास्टिक शीशियां, रबर के ढक्कन, स्टील के कैप, प्लास्टिक ट्रे, ड्रम, बाल्टियां, कीप और मापने वाले जग भी बरामद हुए।

सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी एसटीएफ

कारखाने का खुलासा होने के बाद एसटीएफ आरोपी से पूछताछ कर रही है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि नकली ऑक्सीटोसिन बनाने में किन पदार्थों का इस्तेमाल किया जाता था और अब तक कितनी मात्रा में इसकी सप्लाई बाजार में की जा चुकी है। इसके साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )