UP News: बाराबंकी प्रधान डाकघर में अब हर रविवार मिलेगी विशेष आधार सेवा, सुबह 9 से शाम 4 बजे तक सुविधा

UP News: बाराबंकी प्रधान डाकघर में अब हर रविवार मिलेगी विशेष आधार सेवा, सुबह 9 से शाम 4 बजे तक सुविधा

रिपोर्ट -रानू सिंह

UP News: बाराबंकी। आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बाराबंकी प्रधान डाकघर ने प्रत्येक रविवार को विशेष आधार सेवा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। यह सेवा सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होगी, जिससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, वरिष्ठ नागरिकों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को आधार संबंधी कार्यों के लिए कार्यदिवसों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

रविवार को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं में नया आधार नामांकन, नाम में संशोधन, पता परिवर्तन, मोबाइल नंबर अपडेट, जन्मतिथि संशोधन तथा बायोमेट्रिक अपडेट जैसी सभी प्रमुख आधार सेवाएँ शामिल रहेंगी। यह पहल विशेष रूप से उन लोगों के लिए राहत लेकर आई है, जिन्हें सप्ताह के अन्य दिनों में समय की कमी के कारण आधार संबंधी कार्य कराने में कठिनाई होती है।

बाराबंकी प्रधान डाकघर में इन सेवाओं का संचालन प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा आधुनिक उपकरणों की सहायता से किया जाएगा, जिससे नागरिकों को त्वरित, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ प्राप्त हो सकेंगी।

डाकघर अधीक्षक, बाराबंकी मंडल, पुरुषोत्तम नाथ ने बताया कि भारतीय डाक विभाग नागरिकों को बेहतर, सुलभ और जनहितकारी सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस विशेष रविवार सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

डाक विभाग ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि आधार संबंधी किसी भी आवश्यक कार्य के लिए प्रत्येक रविवार को आवश्यक दस्तावेजों के साथ बाराबंकी प्रधान डाकघर पहुँचें और इस सुविधा का लाभ लें। विभाग का कहना है कि भविष्य में भी आमजन की सुविधा के लिए इस प्रकार की जनोपयोगी सेवाओं का विस्तार किया जाता रहेगा।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )