
Prayagraj News: प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट, मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
Prayagraj News: प्रयागराज और कौशांबी बॉर्डर पर स्थित पिपरी व पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में सोमवार को एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण विस्फोट हो गया। तेज धमाके के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई मकान इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में फंसे लोगों की तलाश और राहत कार्य शुरू किया। फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है। जांच-पड़ताल की जा रही है।
राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हुए हैं। किसी अन्य अनहोनी से बचने के लिए आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया है। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की तैयारियां की जा रही हैं।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
विस्फोट किस वजह से हुआ, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस और संबंधित टीमें मौके पर पहुंचकर घटना की डिटेल जांच में जुटी हैं। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री में पटाखों के निर्माण व भंडारण के लिए वैध अनुमति और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम थे या नहीं। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि आग पूरी तरह से बुझने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी में बस्ती से कुछ दूर पर एक मकान में पटाखा बनाया जा रहा था। उस मकान के ऊपर से ही बिजली के तार गुजरे हैं। आज दोपहर अचानक उस मकान से धुआं उठने लगा। कुछ देर बाद एक-एक करके पटाखे फूटने लगे और इलाके में हड़कंप मच गया।
