
शादी के लिए अड़ा युवक, पानी की टंकी बना ड्रामा का मंच
Sant Kabir Nagar News: जनपद के कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के अंतर्गत डीघा स्थित एक होटल के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक फिल्मी अंदाज में पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया। युवक अपनी प्रेमिका से शादी की जिद पर अड़ा हुआ है और करीब दो घंटे से नीचे उतरने से इनकार कर रहा है।
जानकारी के मुताबिक, युवक की पहचान कांटे क्षेत्र के चगेरा-मगेरा गांव निवासी के रूप में हुई है। वह टंकी की ऊंचाई से लगातार अपनी मांग दोहरा रहा है और नीचे खड़े लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को समझाने-बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ। उसने साफ कह दिया कि जब तक उसकी मांग पूरी नहीं होती, वह नीचे नहीं उतरेगा।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पाकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई है। पुलिस युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और उसे समझाने की कोशिश जारी है। फिलहाल, इलाके में यह हाई-वोल्टेज ड्रामा चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा है।
