
UP News: फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल के आवास पर प्रतिदिन लगता है जनता दरबार, समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
रिपोर्ट -अंबुज श्रीवास्तव
UP News: प्रयागराज। फूलपुर लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के सांसद माननीय प्रवीण पटेल के अंदावा स्थित आवास पर प्रतिदिन प्रातःकाल जनता दरबार का आयोजन किया जाता है। इस जनता दरबार में क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और जनहित से जुड़े मुद्दे लेकर पहुंचते हैं।
जनता दरबार के दौरान सांसद प्रवीण पटेल क्षेत्रवासियों से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछते हैं तथा उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों की समस्याओं से संबंधित अधिकारियों को दूरभाष एवं अन्य माध्यमों से त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

सांसद ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने सभी फरियादियों को आश्वस्त किया कि प्रत्येक समस्या के समाधान हेतु हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
जनता दरबार में भूमि विवाद, राजस्व, विद्युत, पेयजल, सड़क, पेंशन, राशन कार्ड, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं सामने आईं, जिनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। क्षेत्रवासियों ने सांसद की जनसुनवाई व्यवस्था की सराहना करते हुए अपनी समस्याओं के समाधान के प्रति विश्वास व्यक्त किया।
