
रेलवे क्रॉसिंग पर दर्दनाक हादसा, बाइक से गिरी महिला को डीसीएम ने कुचला
Chandauli News: चंदौली जनपद के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भोजपुर रेलवे क्रॉसिंग पर रविवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया, जिसमें एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैयदराजा निवासी आशुतोष कुमार पुत्र मोलई प्रसाद अपनी बहन अंजू देवी (उम्र 36 वर्ष), पत्नी राजकुमार गौड़, निवासी घरचीत थाना सकलडीहा, को मोटरसाइकिल से उसके ससुराल ग्राम घर्षित ले जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि जब वे भोजपुर रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहे थे, उस समय फाटक खुला हुआ था और आवागमन सामान्य रूप से जारी था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से अंजू देवी मोटरसाइकिल से नीचे गिर गईं। दुर्भाग्यवश उसी समय पीछे से आ रही एक डीसीएम गाड़ी (संख्या UP 22 BT 7567) का पहिया उनके सिर के ऊपर चढ़ गया। इस भीषण दुर्घटना में उनका सिर पूरी तरह कुचल गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर सकलडीहा कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया है।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डीसीएम वाहन को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त की जा रही है, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।
इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि, पुलिस प्रशासन का कहना है कि घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। प्रशासन द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
