
Chandauli news: गार्गी सिंह पटेल ने वीरेंद्र यादव पर हत्या के प्रयास का लगाया आरोप, दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज
लोकेशन- चंदौली
रिपोर्टर- शिवम् विश्वकर्मा
Chandauli news: समाजवादी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल ने बहादुरपुर के पूर्व प्रधान एवं सपा कार्यकर्ता वीरेंद्र यादव पर गला दबाकर हत्या का प्रयास करने और छेड़खानी का गंभीर आरोप लगाया है। गार्गी सिंह पटेल ने मुगलसराय कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें उन्हें चोटें आई हैं। वीरेंद्र यादव ने भी मुगलसराय कोतवाली में तहरीर देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामले को लेकर गार्गी सिंह पटेल और वीरेंद्र यादव दोनों ने मीडिया के सामने आकर अपना-अपना पक्ष रखा। दोनों पक्षों ने घटना को लेकर अलग-अलग दावे किए हैं।
इस पूरे मामले में मुगलसराय क्षेत्राधिकारी (सीओ) श्री अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
