
चंदौली में बड़ी कार्रवाई: गोतस्करों से मिलीभगत पर सिपाही गिरफ्तार
Chandauli News: उत्तर प्रदेश की चंदौली पुलिस ने अपराध और भ्रष्टाचार के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए एक बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने गोतस्करों का साथ देने और भ्रष्टाचार के आरोपी एक आरक्षी को गिरफ्तार किया है। यह सिपाही वर्दी की आड़ में तस्करों को सुरक्षित रास्ता दिलाने और पुलिस की लोकेशन साझा करने का काम करता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरक्षी सत्येन्द्र यादव गोतस्करों के साथ मिलकर काम कर रहा था। वह तस्करों को चंदौली बॉर्डर पार कराने के लिए पुलिस की गश्त, लोकेशन और तस्करी के सुरक्षित रास्तों की जानकारी देता था। इसके बदले में वह तस्करों से ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से मोटी रकम वसूलता था। मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट और कॉल से इस मिलीभगत के पुख्ता सबूत मिले हैं।
अभियुक्त सत्येन्द्र यादव, जो कि मूल रूप से अंबेडकरनगर का निवासी है, चंदौली के थाना चकरघट्टा में नियुक्त था और वर्तमान में निलंबित चल रहा था। उस पर पहले से ही थाना सैयदराजा में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज था। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे अंबेडकरनगर के पलई बाजार से गिरफ्तार किया है।
चंदौली पुलिस का गोतस्करी के विरुद्ध कड़ा अभियान
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, चंदौली पुलिस गोतस्करों की कमर तोड़ने के लिए निरंतर अभियान चला रही है। वर्ष 2025 का लेखा-जोखा: पिछले साल पुलिस ने कुल 162 मामले दर्ज किए, जिसमें 410 अभियुक्तों को जेल भेजा गया। इस दौरान 1297 गोवंश और 178 वाहन बरामद किए गए। साथ ही अपराधियों की लगभग 74 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। वर्ष 2026 की अब तक की कार्यवाही: इस साल अब तक 46 मामले दर्ज कर 127 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अब तक 345 गोवंश और 55 वाहन बरामद किए हैं।
अपराधियों को सख्त चेतावनी
प्रभारी निरीक्षक चंदौली और थानाध्यक्ष इलिया के नेतृत्व में की गई इस गिरफ्तारी ने यह संदेश दिया है कि अपराध में शामिल चाहे कोई आम नागरिक हो या पुलिस विभाग का कर्मचारी, उसे बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी सख्त कार्यवाहियां आगे भी जारी रहेंगी।
