
Etah News:एटा में महिला ने पूर्व पति पर लगाया गोली मारने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
Etah News : एटा उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के मलावन थाना क्षेत्र के गांव सौहार में एक महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में घायल होने का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। घायल महिला माधूरी ने अपने पूर्व पति नीरज पर गोली मारने का गंभीर आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है और मामला तलाक के लिए न्यायालय में विचाराधीन है।
घटना के बाद घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी सकीट नितीश गर्ग ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला से बातचीत की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।सीओ नितीश गर्ग के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि महिला ने अपने पूर्व पति पर हमला करने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरे पक्ष की ओर से इन आरोपों को निराधार बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, दूसरे पक्ष का दावा है कि महिला का गांव के ही एक व्यक्ति देव सिंह के साथ संबंधों को लेकर कई वर्षों से विवाद चला आ रहा है और उसी के चलते झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। यहां तक कि कोर्ट में चल रहे विवाद को प्रभावित करने के लिए साजिश के तहत मामला गढ़ने की बात भी कही जा रही है।पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों के बयानों और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच कर रही है। सीओ ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
