
आधी रात रोहिणी में मचा कोहराम: आग की लपटों में खत्म हो गया एक परिवार, मासूम समेत तीन की मौत
Delhi Rohini fire: दिल्ली के रोहिणी इलाके में मंगलवार देर रात झुग्गियों में भीषण आग लग गई। यह आग करीब छह झुग्गियों तक फैल गई और देखते ही देखते एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें पति-पत्नी और उनकी लगभग 2 साल की मासूम बच्ची शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, आग देर रात उस समय लगी जब लोग अपने घरों में सो रहे थे। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि प्लास्टिक कबाड़ में लगी आग से यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि इलाके में लगभग 400 गज के प्लॉट में प्लास्टिक का कबाड़ जमा था और उसके बीच ही झुग्गियां बनी हुई थीं।
आग लगते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन संकरी गलियों के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। इसके बावजूद दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया।
दमकल कर्मियों ने मौके से तीनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घटना की सूचना पर पुलिस, कैट्स एम्बुलेंस और बिजली विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य में जुट गईं।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं और प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
