Sant Kabir Nagar News:विदाई के बाद लौटते समय हादसा, दूल्हे के जीजा की मौके पर मौत

Sant Kabir Nagar News:विदाई के बाद लौटते समय हादसा, दूल्हे के जीजा की मौके पर मौत

Sant Kabir Nagar News: जिले के महुली थाना क्षेत्र अंतर्गत भगता गांव के पास एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है, जहां शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब विदाई कराकर लौट रही दूल्हे की कार और एक ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में दूल्हे के जीजा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूल्हा-दुल्हन और उनकी भांजी गंभीर रूप से घायल हो गए।​

घटनाक्रम के अनुसार, धनघटा थाना क्षेत्र के हैंसर निवासी अजय सोनी (पुत्र रामकरन वर्मा) का विवाह 21 अप्रैल को दुधारा थाना क्षेत्र के दानोंकुइया निवासी ध्रुवचंद्र सोनी की पुत्री बबीता सोनी के साथ संपन्न हुआ था।
बारात बस्ती जनपद के एक मैरिज हॉल में गई थी। अगले दिन, 22 अप्रैल को शादी की रस्में पूरी कर दुल्हन की विदाई कराने के बाद दूल्हा अजय वर्मा अपने परिवार के साथ घर वापस लौट रहा था। कार दूल्हे के जीजा संतोष सोनी चला रहे थे।​जैसे ही कार संतकबीरनगर के धनघटा मार्ग पर महुली थाना क्षेत्र के भगता गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक संतोष सोनी (निवासी पैकवालिया, थाना गौर, जनपद बस्ती) की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं कार में सवार दूल्हा अजय वर्मा (26 वर्ष), दुल्हन बबीता सोनी (22 वर्ष) और उनकी भांजी नैना सोनी (20 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।​हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची महुली पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस की मदद से जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक संतोष सोनी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई है। इस दुखद घटना के बाद से दूल्हा और दुल्हन दोनों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )