Sant Kabir Nagar News: रात के जश्न में मातम, थार की चपेट में आए बाराती

Sant Kabir Nagar News: रात के जश्न में मातम, थार की चपेट में आए बाराती

Sant Kabir Nagar News: जनपद के मेंहदावल थाना क्षेत्र के कौवाठोर गांव में देर रात एक खौफनाक हादसा सामने आया है। यहाँ एक अनियंत्रित थार गाड़ी ने चारपाई पर लेटे बारातियों को रौंद दिया, जिससे विवाह समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं। इस हृदयविदारक घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत चिंताजनक बनी हुई है।मिली जानकारी के अनुसार, कौवाठोर गांव में बारात आई हुई थी। रात के करीब दो बज रहे थे और गांव में आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम चल रहा था। खाना खाने के बाद कुछ बाराती और ग्रामीण पास ही बिछी चारपाइयों पर लेटकर नृत्य का आनंद ले रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान थार गाड़ी के चालक ने लापरवाही से गाड़ी बैक की, जिससे एक महिला को ठोकर लग गई।

इस बात को लेकर वहां मौजूद लोगों और चालक के बीच तीखी नोंकझोंक हुई। लोगों की नाराजगी देख चालक तैश में आ गया। आरोप है कि उसने आव देखा न ताव, सीधे गाड़ी स्टार्ट की और एक्सीलरेटर दबाते हुए चारपाइयों पर लेटे लोगों को रौंदते हुए निकल गया। थार की चपेट में आने से रोशनी, अमेरिका यादव, विराज यादव, दुर्गा पुत्र रमई और अभिषेक यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद अनियंत्रित गाड़ी ने आगे खड़ी चार अन्य महिलाओं को भी अपनी चपेट में ले लिया।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। चालक अनूप यादव, पुत्र विजय यादव भी इस घटना में घायल हुआ है।

घटना से आक्रोशित बारातियों और ग्रामीणों ने मौके पर ही थार गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही मेंहदावल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।सभी घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने तीन बारातियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया है। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर चल रहा है।मेंहदावल थाना के एसओ सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त थार गाड़ी को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि गाड़ी स्टार्ट करते समय अचानक एक्सीलरेटर दबने से वाहन अनियंत्रित हुआ, हालांकि विवाद और जानबूझकर गाड़ी चढ़ाने के आरोपों की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

 

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )