
Baghpat News: बागपत में मौसम ने बदली करवट, आंधी-बारिश से राहत तो ओलावृष्टि से नुकसान
Baghpat News: बागपत जिले में भीषण गर्मी और लू के बाद मौसम ने अचानक करवट ली। रटौल, खेकड़ा, सरूरपुर और बालेनी क्षेत्रों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं किसानों के लिए यह आफत बनकर आई।
करीब 30 मिनट तक चली ओलावृष्टि इतनी तेज थी कि सड़कों पर बर्फ की परत जैसी स्थिति बन गई। बारिश के कारण हाईवे और अन्य प्रमुख मार्गों पर जलभराव हो गया, जिससे यातायात भी प्रभावित रहा। मौसम में आई इस अचानक तब्दीली ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया।
किसानों की फसलों को भारी नुकसान
तेज आंधी और ओलावृष्टि के चलते जिले के कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे बागपत सहित लगभग 80 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस प्राकृतिक आपदा का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। आम, लीची, आलूबुखारा और आड़ू के बागों में फल झड़ गए हैं और पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय किसान रामबीर, जुनैद और तारीख का कहना है कि इस नुकसान की भरपाई करना बेहद मुश्किल होगा। इसके अलावा, गेहूं की कटाई का काम भी प्रभावित हुआ है, जिससे आर्थिक नुकसान और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से अब नुकसान के आकलन की प्रक्रिया शुरू किए जाने की उम्मीद है।
