Cockroach Janata Party News: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर डिजिटल एक्शन? वेबसाइट बंद, X अकाउंट पहले ही बैन

Cockroach Janata Party News: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर डिजिटल एक्शन? वेबसाइट बंद, X अकाउंट पहले ही बैन

Cockroach Janata Party News: सीजेआई सूर्यकांत की युवाओं को लेकर की गई टिप्पणी के बाद इंटरनेट पर तेजी से चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर अब बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। यहां पार्टी की आधिकारिक वेबसाइट भी बंद कर दी गई है। साथ ही इससे पहले पार्टी के एक्स हैंडल को भारत में बैन किया जा चुका था। वहीं पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने दावा किया है कि उनका निजी इंस्टाग्राम अकाउंट भी हैक कर लिया गया है।

इस दौरान अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया है कि, पार्टी की वेबसाइट ‘cockroachjantaparty.org’ को बंद कर दिया गया है और यह पूरी तरह से तानाशाही है। उन्होंने दावा किया है कि इसी वेबसाइट के जरिए करीब 10 लाख लोगों ने पार्टी से जुड़ने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का दावा

अभिजीत दिपके के मुताबिक, वेबसाइट के माध्यम से करीब 6 लाख लोगों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराई थी और उनके इस्तीफे की मांग की थी। उनका कहना है कि नीट पेपर लीक मामले में धर्मेंद्र प्रधान पूरी तरह फेल रहे हैं।

यहां फाउंडर दिपके ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा है कि सरकार आखिर इतनी डरी हुई क्यों है? उन्होंने कहा कि इस तरह का तानाशाही रवैया देश के युवाओं की आंखें खोल रहा है। उन्होंने यह भी कहा है कि अब वे एक नए प्लेटफॉर्म पर काम करेंगे क्योंकि “कॉकरोच कभी मरते नहीं हैं।”

इंस्टाग्राम पर तेजी से बढ़े फॉलोअर्स

गौरतलब हो कि, शनिवार तक इंस्टाग्राम पर सीजेपी के फॉलोअर्स की संख्या 2 करोड़ 20 लाख से ज्यादा पहुंच गई थी। वहीं भारतीय जनता पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 92 लाख फॉलोअर्स बताए गए। इसके अलावा कांग्रेस के इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगभग 1 करोड़ 34 लाख फॉलोअर्स हैं।

कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा बढ़ती रही और इसी बीच इसके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और वेबसाइट पर कार्रवाई की खबरें सामने आने लगीं।

अभिजीत दिपके के घर के बाहर पुलिस तैनात

वहीं महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के पुलिस उपायुक्त पंकज अतुलकर ने शनिवार को बताया है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके के घर के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है। उन्होंने बताया कि अभिजीत दिपके फिलहाल अमेरिका में हैं, जहां वे पढ़ाई कर रहे हैं।

पंकज अतुलकर ने आगे कहा है कि लोग दिपके और उनकी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर काफी उत्सुक हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए उनके घर के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने बताया है कि अगले कुछ दिनों तक वहां पुलिस की तैनाती जारी रहेगी।

जान से मारने की धमकी मिलने का दावा

वहीं इससे पहले अभिजीत दिपके ने ऑनलाइन खुलासा किया था कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने एक्स पर एक धमकी भरे संदेश का स्क्रीनशॉट भी साझा किया था।

पुलिस तैनाती की पुष्टि करते हुए पंकज अतुलकर ने कहा है कि सुरक्षा व्यवस्था एहतियात के तौर पर की गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील

वहीं सीजेपी की वेबसाइट, इंस्टाग्राम और एक्स अकाउंट बंद होने के बाद इस राजनीतिक संगठन के समर्थकों की ओर से विरोध प्रदर्शन की चेतावनी भी दी गई थी। हालांकि अभिजीत दिपके ने अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई विरोध प्रदर्शन होता है तो उससे उनका कोई संबंध नहीं होगा। दिपके ने साफ कहा कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने ऐसा कोई आह्वान नहीं किया है।

उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि सरकार सिर्फ एक छोटी सी गलती का इंतजार कर रही है ताकि पूरे आंदोलन को बदनाम किया जा सके। दिपके ने कहा कि सभी ‘कॉकरोचों’ यानी समर्थकों को शांति बनाए रखनी चाहिए और जल्दबाजी में कोई ऐसा फैसला नहीं लेना चाहिए जिससे आंदोलन पर बुरा असर पड़े। उन्होंने आगे कहा कि यह एक बड़ी लड़ाई है और इसमें बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है।

 

 

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )