Kannauj News: 11 हजार वोल्ट के टूटे तार ने ली जान,घास लेने गए संविदा कर्मी की दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप

Kannauj News: 11 हजार वोल्ट के टूटे तार ने ली जान,घास लेने गए संविदा कर्मी की दर्दनाक मौत से मचा हड़कंप

Kannauj News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित समधन नगर में बिजली विभाग की लापरवाही एक परिवार पर भारी पड़ गई। खेत से घास लेने गए नगर पंचायत के संविदा सफाई कर्मी राजकुमार की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के टूटे तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले आई आंधी में एचटी लाइन का तार टूटकर खेत में गिर गया था, लेकिन बिजली विभाग द्वारा उसे हटाने या मरम्मत करने की कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी दौरान घास लेने पहुंचे राजकुमार अनजाने में टूटे तार की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर कन्नौज-फर्रुखाबाद मार्ग जाम कर दिया। सूचना मिलते ही एसडीएम और सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। मृतक राजकुमार दो बच्चों के पिता थे और परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। परिजन 20 लाख रुपये मुआवजा तथा मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग पर अड़े हुए हैं।

फिलहाल प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और परिजनों से वार्ता कर जाम खुलवाने के प्रयास जारी हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )