
Hapur News : हापुड़ में चोरों का आतंक, एक ही रात में मंदिर और मकान को बनाया निशाना
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र स्थित दुर्गा कॉलोनी में चोरों ने एक ही रात में मंदिर और मकान को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। बदमाश दुर्गा माता मंदिर से दानपात्र में जमा हजारों रुपये की नकदी, पीतल का घंटा और बैटरी चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं, मंदिर में चोरी करने के बाद चोरों ने पास के एक मकान में भी हाथ साफ करते हुए घरेलू गैस सिलिंडर और गैस चूल्हा चोरी कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में पुलिस गश्त को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है।
श्रद्धालुओं को मिला मंदिर का टूटा सामान
जानकारी के अनुसार दुर्गा कॉलोनी निवासी विजय सिंह ने बाबूगढ़ थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 30 मई की रात अज्ञात चोर दुर्गा माता मंदिर में घुस गए। चोरों ने मंदिर में रखा बैटरा (बैटरी), दानपात्र में जमा करीब छह से सात हजार रुपये की नकदी तथा लगभग तीन किलोग्राम वजनी पीतल का घंटा चोरी कर लिया।
अगली सुबह जब श्रद्धालु रोजाना की तरह मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे तो मंदिर का सामान गायब मिला। मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और घटना को लेकर आक्रोश जताया।
मंदिर के बाद मकान में भी की चोरी
चोरों का दुस्साहस यहीं नहीं रुका। मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित विक्रम कौशिक के मकान को भी निशाना बनाया गया। आरोप है कि चोर मकान से घरेलू गैस सिलिंडर और गैस चूल्हा चोरी कर ले गए। एक ही रात में दो स्थानों पर हुई चोरी की वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों में आक्रोश, जल्द खुलासे की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखने की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने पर बाबूगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
