
Hapur News: विवाहिता ने जेठ पर लगाया दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, दहेज उत्पीड़न में 5 पर केस दर्ज
Hapur News: मेरठ की एक विवाहिता ने हापुड़ जनपद निवासी अपने जेठ पर दुष्कर्म का प्रयास करने और ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने पति, जेठ, ननद, नन्दोई और नन्दोई के पिता समेत पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
शादी के कुछ समय बाद शुरू हुई दहेज की मांग
महिला थाना में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता मेरठ के थाना गंगानगर क्षेत्र की रहने वाली है। उसकी शादी 15 दिसंबर 2023 को हापुड़ देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी जसवीर सिवाल के साथ हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों ने उससे अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी।
पीड़िता के अनुसार पति जसवीर, ननद शिवानी, नन्दोई अरुण, नन्दोई के पिता देवेंद्र सिंह और जेठ कपिल उस पर लगातार पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाते थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।
घर में अकेला पाकर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
विवाहिता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसका जेठ कपिल उस पर गलत नजर रखता था। एक दिन जब वह घर में अकेली थी, तब आरोपी जेठ ने उसे पीछे से पकड़ लिया और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला ने किसी तरह खुद को बचाया और घटना की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी
।हालांकि पीड़िता का आरोप है कि पति समेत परिवार के अन्य लोगों ने उसकी बात पर विश्वास करने के बजाय आरोपी का पक्ष लिया। इसके बाद उसका उत्पीड़न और अधिक बढ़ गया।
न्याय की गुहार लेकर पहुंची महिला थाना
लगातार हो रहे उत्पीड़न और कथित दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर विवाहिता ने महिला थाना पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
पति, जेठ, ननद और रिश्तेदारों पर रिपोर्ट दर्ज
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति जसवीर सिवाल, जेठ कपिल, ननद शिवानी, नन्दोई अरुण और देवेंद्र सिंह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, छेड़छाड़, दुष्कर्म के प्रयास, धमकी देने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
क्या बोले एसपी?
वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि, महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
