
Hapur News: एनएच-9 पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार कार की टक्कर से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद स्थित दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-9) पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में गढ़ गंगा स्नान के लिए जा रहे दंपती की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने पीछे से उनकी बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक करीब 100 मीटर तक डिवाइडर से रगड़ती हुई चली गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र में निजामपुर अंडरपास के ऊपर एनएच-9 पर सोमवार सुबह करीब 5:50 बजे यह हादसा हुआ। मृतक दंपती स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर गढ़ गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
100 मीटर तक घिसटती रही बाइक, मौके पर मचा कोहराम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में बाइक सवार पुरुष और महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना स्थल पर बिखरे वाहन के हिस्से और क्षतिग्रस्त बाइक हादसे की भयावहता की गवाही दे रहे थे।
गढ़ गंगा स्नान के लिए निकले थे पति-पत्नी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान देवचरण उर्फ पिंटू पुत्र राजेंद्र सिंह और उनकी पत्नी ममता निवासी बहरामपुर, थाना विजयनगर, जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों सोमवार सुबह धार्मिक आस्था के तहत गढ़ गंगा स्नान के लिए घर से निकले थे, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही सड़क हादसे का शिकार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्विफ्ट कार को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
क्या बोले नगर कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान
नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि “सोमवार सुबह निजामपुर अंडरपास के ऊपर एनएच-9 पर एक स्विफ्ट कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक पर सवार पति-पत्नी की मौत हो गई है। दोनों की पहचान गाजियाबाद निवासी देवचरण उर्फ पिंटू और ममता के रूप में हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”
परिवार में पसरा मातम
दंपती की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। एक धार्मिक यात्रा पर निकले पति-पत्नी की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव और रिश्तेदारों के बीच भी शोक की लहर है।
