
Amethi News: अमेठी में खेत में मिला 19 वर्षीय युवती का शव, इलाके में सनसनी; जांच में जुटी पुलिस
Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी में जिले में एक सनसनी खेज वारदात सामने आई है। जहां बुधवार को एक युवती का शव उसके गांव के बाहर खेत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम एवं अन्य विधिक कार्यवाही में जुट गई है। जिले के अमेठी थाना क्षेत्र के रणबीर नगर गांव निवासी काजल 19 पुत्री अमर जीत का शव उसके गांव के बाहर खेत में बुधवार को पड़ा मिला।
इसकी जानकारी परिजनों को तब हुई जब परिजन गांव के बाहर घूमने के लिए निकले। युवती का शव देखते ही गांव में हाहाकार मच गया। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। इसी बीच घटना की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम के बाद फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य संकलन किया।
बताया जा रहा है कि मृतका काजल मंगलवार को देर शाम अपने घर से निकली थी। देर रात तक परिजन उसे खोजने का प्रयास किए कोई पता नहीं चल पाया। सुबह युवती का शव मिलने पर तरह तरह की बातें गांव में होने लगी। प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा था कि काजल को किसी ने मार कर गांव के बाहर फेंक दिया हो। फिलहाल पुलिस का मानना है कि पीएम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हत्या की असल वजह सामने आएगी।
वहीं इस पूरे मामले में क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पीएम हेतु भेज कर अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है। मामले में परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
