
Bihar News: सुपौल में 5 श्रद्धालुओं की मौत के बाद भड़का आक्रोश
लोकेशन- सुपौल
संवाददाता – सुूरेश निखर, पटना
Bihar News: सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया चौक स्थित बजरंगबली मंदिर के पास मंगलवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में पांच श्रद्धालुओं की मौत के बाद इलाके में आक्रोश है। झूलन पर्व के अवसर पर मंदिर के समीप भजन-कीर्तन कर रहे ग्रामीणों के बीच अनियंत्रित कार घुस गई थी।
हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो श्रद्धालुओं ने सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीन अन्य घायल हैं। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई और जांच पर लोगों की निगाहें टिकी हैं।
मंदिर सड़क के किनारे स्थित है और झूलन पर्व को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क से सटकर भजन-कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज गति से कार पहुंची। सामने लकड़ी लदा ओवरलोड ट्रैक्टर आने पर कार चालक ने साइड देने का प्रयास किया। इसी क्रम में कार अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं के बीच जा घुसी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद चालक कार लेकर घटनास्थल से कुछ दूर स्थित एक सुनसान गैराज में पहुंचा और वाहन छोड़कर भागने की कोशिश की, ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। कार में चालक, उसकी पत्नी, आठ वर्षीय पुत्री और महिला रिश्तेदार सवार थी, जिन्हें पकड़कर ग्रामीणों ने कमरे में बंद कर दिया।
भीड़ के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने कमरे को सुरक्षा घेरे में ले लिया। कड़ी मशक्कत के बाद तड़के करीब तीन बजे पुलिस ने चारों को मुक्त कराकर थाने पहुंचाया।
पुलिस ने चालक की मेडिकल जांच कराई। जांच में उसके शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। अब हादसे की परिस्थितियों और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।
