Amarnath Yatra 2026: द्रास से गुफा तक तीसरे मार्ग की मांग, BJP बोली- सबसे सुरक्षित और छोटा रास्ता

Amarnath Yatra 2026: द्रास से गुफा तक तीसरे मार्ग की मांग, BJP बोली- सबसे सुरक्षित और छोटा रास्ता

Amarnath Yatra 2026: पवित्र अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच श्री अमरनाथ यात्रा को और अधिक सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रस्ताव सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लद्दाख के द्रास (Drass) क्षेत्र से अमरनाथ गुफा तक तीसरा मार्ग विकसित करने की मांग की है। पार्टी का दावा है कि यह मार्ग मौजूदा पहलगाम और बालटाल मार्गों की तुलना में सबसे छोटा और सबसे सुरक्षित साबित हो सकता है।

जोजिला टनल से खुला नया विकल्प

BJP के वरिष्ठ नेता और अधिवक्ता ताशी ग्यालसन ने बताया कि 14.15 किलोमीटर लंबी ऑल-वेदर जोजिला टनल के निर्माण से लद्दाख के द्रास जिले से अमरनाथ गुफा तक वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की संभावना बनी है। उनके अनुसार, द्रास के मिनामार्ग (Minamarg) से अमरनाथ गुफा तक लगभग 5 किलोमीटर का ट्रेक ही करना पड़ेगा, जिससे श्रद्धालुओं को कम दूरी तय करनी होगी।

मौजूदा मार्गों से आसान होने का दावा

ताशी ग्यालसन का कहना है कि प्रस्तावित मार्ग का पर्वतीय ढलान (ग्रेडिएंट) पहलगाम और बालटाल मार्गों की तुलना में कम है। ऐसे में यह रास्ता श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुरक्षित और कम कठिन हो सकता है। उनका कहना है कि कश्मीर घाटी के मौजूदा मार्गों की तुलना में इस रास्ते पर चढ़ाई अपेक्षाकृत आसान रहेगी।
लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने अमरनाथ गुफा तक इस नए मार्ग की संभावनाओं पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। अधिकारियों को इस प्रस्ताव के तकनीकी, सुरक्षा और पर्यावरणीय पहलुओं का अध्ययन करने के निर्देश दिए गए हैं।

6 दिनों में 1.42 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन

यात्रा के पहले छह दिनों में 1.42 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन के अनुसार यात्रा अब तक शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से जारी है। गुरुवार सुबह जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से 8,150 श्रद्धालुओं का नया जत्था कश्मीर के लिए रवाना हुआ। इन यात्रियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अलग-अलग काफिलों में भेजा गया।

दो बेस कैंपों के लिए रवाना हुए श्रद्धालु

प्रशासन के मुताबिक, कुल 8,150 यात्रियों में से 4,705 श्रद्धालु पहलगाम मार्ग स्थित नुनवान बेस कैंप के लिए रवाना हुए, जबकि 3,445 श्रद्धालु बालटाल बेस कैंप के लिए भेजे गए। दोनों जत्थों को सुरक्षा बलों की निगरानी में एस्कॉर्ट कर घाटी की ओर रवाना किया गया।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )