
Barabanki News: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
जिला- बाराबंकी
विकासखंड- निंदूरा
संवाददाता- मनोज कुमार
Barabanki News: बाराबंकी के घुंघटेर थाना क्षेत्र के बाबागंज-नंदपुर पलिया मोड़ के पास मंगलवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी।
मृतक की पहचान राकेश गौतम (36 वर्ष) निवासी घुंघटेर गांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम खाना खाने के बाद राकेश घर से चौराहे की ओर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसी बीच रात करीब 10:30 बजे राहगीरों ने बाबागंज-नंदपुर पलिया मोड़ के पास सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े युवक की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची घुंघटेर पुलिस ने गंभीर रूप से घायल राकेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुंघटेर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, राकेश मानसिक रूप से कुछ कमजोर थे और अक्सर घर से निकल जाते थे, लेकिन देर शाम तक वापस लौट आते थे। उनकी पत्नी कालिंदी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि परिवार में दो छोटे बेटे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए।
घुंघटेर थाना प्रभारी अभय कुमार मौर्य ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से राकेश के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है।
