
Murshidabad Train Accident: स्कूल वैन को ट्रेन ने मारी टक्कर, 3 मासूमों की दर्दनाक मौत, इलाके में मातम
Murshidabad Train Accident: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद (Murshidabad) जिले में आज शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक रेल बड़ा हादसा हो गया। यहां एक स्कूल वैन (School Van) यात्री ट्रेन (Passenger Train) की चपेट में आ गई। इस भीषण हादसे में 3 छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल बन गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
लेवल क्रॉसिंग पर हुआ हादसा
यह दुर्घटना पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल (Sealdah Division) के अंतर्गत मुर्शिदाबाद के बहरमपुर (Berhampore) थाना क्षेत्र में कर्णसुबर्ण (Karnasubarna) और गोबिंदपुर (Gobindpur) रेलवे स्टेशन के बीच स्थित लेवल क्रॉसिंग (Level Crossing) पर हुई। बताया जा रहा है कि एक निजी स्कूल की वैन छात्रों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान वैन रेलवे फाटक पार करने लगी और सामने से आ रही निमतिता-काटोया पैसेंजर ट्रेन (Nimtita-Katwa Passenger Train) की चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि वैन के उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन और स्कूल वैन की टक्कर बेहद जोरदार थी। टक्कर के बाद वैन के परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि वाहन में चालक समेत कुल 8 लोग सवार थे। हादसे में 3 छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य छात्र बेहद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
रेलवे गेटमैन की भूमिका पर खड़े हुए सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे गेटमैन (Railway Gateman) की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि पहले एक अप लाइन ट्रेन गुजरने तक रेलवे फाटक बंद था। उसके बाद फाटक खोल दिया गया, जबकि दूसरी लाइन से भी ट्रेन आ रही थी। आरोप है कि फाटक खुला रहने के कारण से स्कूल वैन लेवल क्रॉसिंग पार करने लगी और इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और वैन में फंसे छात्रों को बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले कर्णसुबर्ण ब्लॉक अस्पताल (Karnasubarna Block Hospital) ले जाया गया। बाद में गंभीर रूप से घायल छात्रों को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (Murshidabad Medical College and Hospital) रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग घटना की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
