
Jharkhand News: पलामू में करम पर्व के विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, 4 की मौत !
Jharkhand News: झारखंड के पलामू में करम पर्व की पूजा सामग्री के विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां विसर्जन के दौरान उत्तर कोयला नदी में 5 लोग डूब गए। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की तलाश जारी है।
मामला चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया गांव का है। जहां पतरिया खुर्द गांव के कुछ युवा, किशोर और बच्चे करम पर्व को लेकर करम डाली और अन्य पूजन सामग्री का विसर्जन करने उत्तर कोयला नदी में पहुंचे थे। इसी दौरान पांच लोग गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग उन्हें बचाने की कोशिश में जुट गये।
चार शव बरामद, एक की तलाश जारी
हादसे में 15 वर्षीय विशाल पासवान, 20 वर्षीय अमित कुमार सिंह, 17 वर्षीय नन्हू सिंह और 10 वर्षीय आदर्श सिंह की मौत हो गई। चारों के शव बरामद कर लिए गए, वहीं हेमंत सिंह के नदी में डूबने की सूचना है। उसकी तलाश के लिए नदी में स्थानीय गोताखोरों और तैराकों की मदद से अभियान चलाया जा रहा है।
चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि चार शव बरामद कर लिए गए हैं और पांचवें युवक हेमंत सिंह की तलाश जारी है। चारों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर के एमआरएमसीएच भेजा गया है। इधर घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा है। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग बोकेया गांव में कोयल नदी तट पर पहुंच गए हैं। हेमंत सिंह की तलाश में स्थानीय गोताखोरों व तैराकों को लगाया गया है।
