Lucknow News: लखनऊ के चिनहट में पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष, महिला के चेहरे पर धारदार हथियार से हमला ! 

Lucknow News: लखनऊ के चिनहट में पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष, महिला के चेहरे पर धारदार हथियार से हमला ! 

Lucknow News: लखनऊ के  चिनहट थाना क्षेत्र के हरदासी खेड़ा में पुरानी रंजिश को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच जमकर विवाद हो गया। सफारी कार में आग लगाने के विवाद के बाद दोनों पक्षों में मारपीट और खूनी संघर्ष हुआ। इस दौरान एक महिला के चेहरे पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का आरोप है। महिला के गाल और होंठ पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

सफारी कार जलाने के बाद बढ़ा विवाद

पीड़ित पक्ष के उदय प्रताप मिश्रा का आरोप है कि 23 सितंबर की सुबह उनकी सफारी कार में आग लगा दी गई। परिवार ने जब इसका विरोध किया तो कुछ समय बाद पड़ोसी राजेश तिवारी, उनके बेटे सचिन तिवारी और पत्नी संगीता तिवारी कथित तौर पर हथियार लेकर उनके घर में घुस आए।

उदय प्रताप का आरोप है कि घर में घुसते ही आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उनकी पत्नी हेमलता मिश्रा पर धारदार हथियार से हमला किया गया। हमले में उनके गाल का मांस कट गया और होंठ पर भी गंभीर चोट आई। घायल हेमलता को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिवार का आरोप है कि इस दौरान उनकी बेटी आस्था भी घायल हुई। पीड़ित पक्ष ने महिलाओं के साथ बदसलूकी और कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया है।

दूसरे पक्ष ने लगाया जानलेवा हमले का आरोप

वहीं, दूसरे पक्ष के सोनू तिवारी ने घटना को लेकर अलग आरोप लगाए हैं। सोनू के मुताबिक, 23 सितंबर की सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच हेमलता मिश्रा, उदय प्रताप मिश्रा, आस्था, मिष्ठी और अभी मिश्रा लाठी-डंडे लेकर उनके घर पहुंचे।

सोनू का आरोप है कि उनके पिता राजेश तिवारी न्यूरो की बीमारी से पीड़ित हैं, इसके बावजूद उन पर हमला किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी आंखों में मिर्च का स्प्रे डाला गया और डायल-112 पुलिस तथा स्थानीय लोगों की मौजूदगी में उन पर बांके से जानलेवा हमला किया गया। सोनू ने गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

सोनू तिवारी ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उनकी सोने की चेन, 10 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन छीन लिया गया। उनका यह भी दावा है कि उन्होंने 11 सितंबर को चिनहट थाने में शिकायत दी थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई।

दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। एक तरफ महिला पर धारदार हथियार से हमला और महिलाओं से बदसलूकी के आरोप हैं, वहीं दूसरे पक्ष ने जानलेवा हमला, मिर्च स्प्रे, लूट और धमकी के आरोप लगाए हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी

चिनहट इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक, मामला दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और आपसी विवाद से जुड़ा है। दोनों पक्षों की शिकायतें मिली हैं और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )