
Lucknow News: लखनऊ विश्वविद्यालय में ड्रेस कोड के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, गेट नंबर-1 पर नारेबाजी
Lucknow News: लखनऊ विश्वविद्यालय में ड्रेस कोड लागू किए जाने के विरोध में सोमवार को छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय के गेट नंबर-1 पर बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हुए और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के आदेश के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि छात्रों की स्वतंत्रता पर अनावश्यक प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि विश्वविद्यालय शिक्षा का केंद्र होता है, जहां विचारों और अभिव्यक्ति की आजादी होनी चाहिए। छात्रों ने आरोप लगाया कि बिना उनकी राय लिए ड्रेस कोड लागू करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र सड़क पर उतर आए और सड़क जाम करने का प्रयास किया, जिससे वहां कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया।
स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब छात्र नहीं माने तो पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई छात्रों को हिरासत में ले लिया। बाद में सभी को बसों के जरिए ईकोगार्डन भेज दिया गया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि ड्रेस कोड का फैसला वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि ड्रेस कोड लागू करने का उद्देश्य परिसर में अनुशासन बनाए रखना और शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाना है।
