
Kanpur Deaht News :पुणे से लखनऊ जा रही डीसीएम में भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
Kanpur Deaht News : भोगनीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत छतेनी गांव के पास झांसी-कानपुर हाईवे पर गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। पुणे से लखनऊ जा रही फाइबर केबल से लदी एक डीसीएम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी डीसीएम जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।
पुणे से लखनऊ जा रहा था ट्रकजानकारी के अनुसार, रामपुर जिले के सेवानी निवासी चालक मुख्तार अली महाराष्ट्र के पुणे से फाइबर केबल लादकर लखनऊ के लिए निकला था। गुरुवार शाम करीब पांच बजे जब वह झांसी-कानपुर हाईवे पर छतेनी गांव के पास पहुंचा, तभी अचानक डीसीएम के पिछले हिस्से से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।
बस्ती से दूर खड़ा किया वाहन खतरे को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाई और आबादी को खतरे से बचाने के लिए डीसीएम को तत्काल सड़क किनारे बस्ती से बाहर ले जाकर खड़ा कर दिया। जैसे ही वह नीचे उतरा, पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई। स्थानीय राहगीरों और ग्रामीणों की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक डीसीएम और उसमें लदा लाखों का माल जलकर राख हो चुका था।
पुलिस का बयान घटना के संबंध में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष सतीश कुमार ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है, मामले की गहनता से जांच की जा रही है
