Barabanki News: विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ, सीडीओ ने रैली को दिखाई हरी झंडी !

Barabanki News: विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ, सीडीओ ने रैली को दिखाई हरी झंडी !

जिला- बाराबंकी
संवाददाता – मनोज कुमार

Barabanki News: बाराबंकी, 01 अक्टूबर 2026। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान अक्टूबर-2026 का शुभारंभ गुरुवार को जिला अस्पताल परिसर से किया गया। मुख्य विकास अधिकारी श्री पंकज वर्मा एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सीडीओ ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की शपथ भी दिलाई।

सीडीओ ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता एवं विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार प्रदेश दिमागी बुखार सहित विभिन्न संचारी रोगों से मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से जनपद में 11 विभागों के समन्वय से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक तथा दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संचारी रोग परिवारों के स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके आर्थिक एवं सामाजिक जीवन को भी प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छता, साफ-सफाई, मच्छरों की रोकथाम तथा रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि अभियान के दौरान फ्रंटलाइन वर्कर्स—आशा, एएनएम एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर भ्रमण कर बुखार, इंफ्लुएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई) से ग्रसित व्यक्तियों, संभावित क्षय रोगियों एवं कुपोषित बच्चों को चिन्हित किया जाएगा। साथ ही ऐसे घरों की भी सूची तैयार की जाएगी, जहां मच्छरों का प्रजनन पाया जाएगा। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से हाथ धोने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा घर एवं आसपास पानी का ठहराव न होने देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के साथ संबंधित विभागों द्वारा अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया जाएगा, ताकि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, अर्बन क्षेत्र की आशाएं तथा नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )