Hyderabad Train Fire: चार्लापल्ली स्टेशन पर ट्रेन में लगी आग, उठीं ऊंची लपटें !

Hyderabad Train Fire: चार्लापल्ली स्टेशन पर ट्रेन में लगी आग, उठीं ऊंची लपटें !

Hyderabad Train Fire:  हैदराबाद के चार्लापल्ली रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेशन पर खड़ी एक खाली ट्रेन में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रेन के सात कोच इसकी चपेट में आ गए। डिब्बों से उठती आग की ऊंची लपटों और धुएं को देखकर स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।

हालांकि, राहत की बात यह रही कि जिस ट्रेन में आग लगी, वह खाली थी। घटना के समय उसमें कोई यात्री मौजूद नहीं था। इस वजह से किसी के हताहत या घायल होने की खबर नहीं है।

शाम 6:30 बजे लगी आग, सात कोच तक पहुंचीं लपटें

खबरों के मुताबिक, यह घटना सोमवार शाम करीब 6:30 बजे की है। चार्लापल्ली रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 के बीच रखरखाव के लिए एक खाली ट्रेन खड़ी थी। इसी ट्रेन के एक कोच में अचानक आग लग गई। शुरुआत में आग एक कोच तक सीमित थी, लेकिन कुछ ही देर में आसपास के डिब्बे भी इसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते कुल सात कोचों तक आग फैल गई। आग की लपटें और घना धुआं दूर से दिखाई देने लगा।

करीब 7:15 बजे तक आग पर पाया गया काबू

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने दमकल विभाग को सूचना दी। शाम 6:30 बजे के आस-पास दमकल विभाग को अलर्ट किया गया। इसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। एहतियात के तौर पर घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर भेजा गया। बिजली की आपूर्ति बंद कर दी गई और आग से प्रभावित कोचों को ट्रेन के बाकी हिस्सों से अलग कर दिया गया, ताकि लपटें दूसरे डिब्बों तक न फैलें। करीब 7:15 बजे तक दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। रेलवे सुरक्षा अधिकारियों और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) के अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की घटना की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

CATEGORIES
TAGS
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus ( )